योजनाओं का लाभ पाने के लिए लेबर कार्ड का नवीकरण कराएं श्रमिक
पूर्वी चंपारण के सभी प्रखंडों में जागरूकता शिविर; श्रम अधीक्षक ने समय पर नवीकरण कराने की अपील की
मोतिहारी- श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को पूर्वी चंपारण जिले के सभी प्रखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर लगे इन शिविरों में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने श्रमिकों को विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
श्रम अधीक्षक सत्य प्रकाश ने कहा कि शिविरों के माध्यम से श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे इस जानकारी को दूसरे श्रमिकों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत उन श्रमिकों से विशेष रूप से लेबर कार्ड का नवीकरण कराने को कहा, जिनके कार्ड की अवधि समाप्त हो चुकी है। नवीकरण के लिए श्रमिक श्रम अधीक्षक कार्यालय, मोतिहारी या अपने प्रखंड के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
श्रम अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि लेबर कार्ड का नवीकरण नहीं होने पर श्रमिक बोर्ड की ओर से संचालित योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं। इसलिए पंजीकृत श्रमिक अपने कार्ड की वैधता जांचें और समय रहते नवीकरण कराएं।
