रैगिंग मुक्त शैक्षणिक माहौल के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात की पहल, कॉलेजों को दिए निर्देश
छात्रों की सुरक्षा पर जोर, एसडीएम और एसडीपीओ करेंगे शिकायतों की जांच
श्यामल प्रतीक | मोतिहारी
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जिले के कॉलेजों में विद्यार्थियों को सुरक्षित और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रैगिंग की रोकथाम के लिए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी कॉलेज प्रशासन को परिसर में निगरानी मजबूत करने तथा छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि रैगिंग की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रशासन को जारी नोटिस में रैगिंग रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि विद्यार्थी भयमुक्त वातावरण में पढ़ाई कर सकें।
निर्देश के अनुसार, रैगिंग से जुड़े मामलों की जांच अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी करेंगे। ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया है। जांच के दौरान कॉलेज प्रबंधन की भूमिका भी देखी जाएगी। छात्रों की सुरक्षा और रैगिंग की रोकथाम में लापरवाही सामने आने पर संबंधित प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि शैक्षणिक संस्थानों में रैगिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य कॉलेजों में ऐसा वातावरण सुनिश्चित करना है, जहां विद्यार्थी सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपनी शिक्षा आगे बढ़ा सकें।
