रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण

फर्रुखाबाद। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सोमवार को कोतवाली फर्रुखाबाद प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलौत ने क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंडा बाग मंदिर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी की जाए।

एसपी आरती सिंह ने पुलिस कर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, मंदिर परिसर में लगातार गश्त करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार का व्यवधान न आने देने पर विशेष जोर दिया।

श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में दर्शन-पूजन किया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे श्रावण मास में प्रमुख शिवालयों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
