मैत्री पुल से उठा पोलियो मुक्त विश्व का संदेश, बीरगंज से रक्सौल तक निकली जागरूकता रैली

मैत्री पुल से उठा पोलियो मुक्त विश्व का संदेश, बीरगंज से रक्सौल तक निकली जागरूकता रैली

विश्व पोलियो उन्मूलन सप्ताह के समापन पर रोटेरियनों ने हर बच्चे तक टीका पहुंचाने की अपील की; भारत विकास परिषद ने किया स्वागत

श्यामल प्रतीक | रक्सौल

रक्सौल / बीरगंज=भारत–नेपाल सीमा पर रविवार को निकली जागरूकता रैली ने बच्चों के सुरक्षित भविष्य और पोलियो मुक्त विश्व का साझा संदेश दिया। विश्व पोलियो उन्मूलन सप्ताह के समापन पर रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज और रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रोपोलिस के संयुक्त तत्वावधान में रैली नेपाल के बीरगंज स्थित घंटाघर से शुरू हुई और भारत–नेपाल मैत्री पुल होते हुए रक्सौल के राजदंडी पहुंची।

मोटरसाइकिलों, स्कूटी और चारपहिया वाहनों के काफिले में शामिल प्रतिभागियों ने पोलियो उन्मूलन और नियमित टीकाकरण के समर्थन में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने हर बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाने और टीकाकरण अभियान में परिवारों तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

रैली का नेतृत्व रोटरी डिस्ट्रिक्ट रीजन-6 के पोलियो प्लस कमेटी चेयर अभिषेक चौधरी, रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज के अध्यक्ष राकेश मिश्रा और रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रोपोलिस के अध्यक्ष राजकिशोर कलवार ने किया। रोटरी के पास्ट प्रेसिडेंट सोहन पोद्दार, डॉ. आनंद कुमार झा सहित रोटेरियंस, रोट्रैक्टर्स, इंटरैक्टर्स, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।

रक्सौल पहुंचने पर भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल ने मैत्री पुल के समीप रोटेरियनों और अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। परिषद अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी की अध्यक्षता और सेवा संयोजक-सह-मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में भारत और नेपाल के सामाजिक संगठनों के बीच सहयोग और सद्भाव की झलक दिखी।

स्वागत कार्यक्रम में रजनीश प्रियदर्शी ने रोटरी क्लबों के पदाधिकारियों और इनर व्हील की अध्यक्षा को भारत विकास परिषद का लैपल पिन भेंट किया। रोटरी पदाधिकारियों ने भी उन्हें टोकन ऑफ लव और पोलियो जागरूकता पिन देकर सम्मानित किया।

अभिषेक चौधरी ने कहा कि पोलियो के खिलाफ लड़ाई रोटरी इंटरनेशनल के प्रमुख वैश्विक सेवा अभियानों में शामिल है। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त विश्व का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब अंतिम बच्चे तक टीकाकरण पहुंचे और हर व्यक्ति इस अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझे। भारत और नेपाल के संगठनों की संयुक्त पहल को उन्होंने सीमाओं से परे मानवीय सहयोग का उदाहरण बताया।

परिषद अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन किसी एक देश या संस्था का नहीं, बल्कि पूरी मानवता के स्वस्थ भविष्य का साझा संकल्प है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों से और मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहेगा।

अनुमंडलीय अस्पताल रक्सौल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति सपन और डॉ. विजय कुमार ने दोनों देशों के संगठनों की पहल की सराहना की। हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान ने भी आयोजन में सहयोग दिया और इसे जनहित में सकारात्मक प्रयास बताया। बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए जागरूकता, समय पर टीकाकरण और समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम का संचालन परिषद के कोषाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। मौके पर अजय कुमार, नीतेश कुमार सिंह, सीताराम गोयल, सुभाष अग्रवाल, विजय कुमार साह, विनोद कुमार, दिनेश प्रसाद, सुरेश धानोठिया, अरविंद जायसवाल और शरद सर्राफ सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *