Etawah News: कांवड़ यात्रियों पर सपा युवा कार्यकर्ताओं ने की पुष्प वर्षा, पटका पहनाकर किया सम्मान
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर, इटावा। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर जसवंतनगर क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सोरोंघाट से पवित्र गंगाजल लेकर निकली 51 किलो की प्रथम कांवड़ यात्रा सिसहाट स्थित हनुमान शाला मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा।
कांवड़ यात्रा के जसवंतनगर पहुंचने पर बस स्टैंड पर समाजवादी पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया। युवा कार्यकर्ता आकाश कुमार, पारस कुमार, गोपाल और अनूप ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा पटका पहनाकर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं ने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
कांवड़ यात्रा में लक्की शाक्य, दीपक यादव, बॉबी, अनुज, नंदू, विपिन, अनिल, सौरभ, मोहित, अंकुश, छोटू, आशू, जगनमोहन सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल रहे।
श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए सिसहाट हनुमान शाला मंदिर पहुंचे।
मंदिर में शिवलिंग पर पवित्र गंगाजल अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में श्रद्धा एवं भक्ति का वातावरण बना रहा।
