Etawah News: इटावा में 12 लाख की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी और एक महिला गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने वाला सुनार भी दबोचा
एसओजी, सर्विलांस और फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 35.850 ग्राम सोना, 541 ग्राम चांदी, 2.32 लाख रुपये नकद और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद; पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के प्रकाश नगर, महेरा चुंगी में मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने की घटना का इटावा पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। एसओजी, सर्विलांस और थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदात में शामिल तीन अभियुक्तों और एक अभियुक्ता सहित चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत का माल बरामद किया है।
बरामदगी में लगभग 35.850 ग्राम सोने के आभूषण, 541 ग्राम चांदी के आभूषण, 2 लाख 32 हजार रुपये नकद तथा अपराध से अर्जित एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार शामिल है।
*पड़ोस में रखे जेवरों की जानकारी से बनाई चोरी की योजना*
पुलिस के अनुसार, 6 मार्च 2026 को सीमा देवी पत्नी सुदेश कुमार निवासी प्रकाश नगर, महेरा चुंगी ने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके मकान के पीछे लगे दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 53/2026 धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
*खंडहर के पास कार में कर रहे थे चोरी के माल का बंटवारा*
24/25 नवंबर की रात एसओजी, सर्विलांस और फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस टीम महेरा चुंगी के पास क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि देशरमऊ रोड हाईवे अंडरपास के पास पुराने खंडहर के निकट एक सफेद डिजायर कार में कुछ लोग चोरी के सामान और रुपयों का बंटवारा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार में मौजूद तीन पुरुषों तथा एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई।
*महिला की पहचान से घर के जेवरों तक पहुंचे आरोपी*
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी गौतम यादव ने बताया कि पूजा यादव उसकी रिश्ते की मौसेरी भाभी है। करीब चार वर्ष पहले एक शादी समारोह में दोनों की जान-पहचान हुई थी। इसके बाद बातचीत शुरू हुई और दोनों के बीच दोस्ती हो गई।
पूछताछ के मुताबिक, पूजा को अपने पड़ोस में रहने वाली सीमा यादव के घर में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी की जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर पूजा और गौतम ने चोरी की योजना बनाई।
आरोप है कि 3 और 4 मार्च 2026 की मध्यरात्रि को जब सीमा यादव के घर पर कोई मौजूद नहीं था, तब गौतम यादव अपने साथी आसिफ मंसूरी और पूजा के साथ वहां पहुंचा। तीनों ने मकान के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली।
*अलग-अलग स्थानों पर बेचे चोरी के आभूषण*
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी के आभूषण एक साथ बेचने के बजाय अलग-अलग स्थानों पर बेचे। कुछ आभूषण आसिफ मंसूरी के माध्यम से इटावा के सुनार राम वर्मा को बेचे गए, जबकि कुछ आभूषण आगरा के माही ज्वैलर्स के मालिक विजय माने को बेचे गए।
पूछताछ में सुनार राम वर्मा ने बताया कि उसने चोरी के आभूषण खरीदने के बाद उन्हें गला दिया था। वहीं, आरोपियों ने बताया कि आभूषण बेचकर मिली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, जुआ खेलने, घूमने-फिरने और मौज-मस्ती में किया गया।
चोरी की रकम से खरीदी थी स्विफ्ट डिजायर कार
मुख्य आरोपी गौतम यादव ने पुलिस को बताया कि चोरी की रकम से करीब दो महीने पहले उसने 2.70 लाख रुपये देकर फाइनेंस पर एक पुरानी मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी थी। पुलिस ने कार को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।
*चार गिरफ्तार, आगरा का ज्वैलर्स मालिक अभी फरार*
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम यादव निवासी मोहल्ला नकासा, थाना कोतवाली इटावा, आसिफ मंसूरी निवासी मोहल्ला शाहगंज, थाना कोतवाली इटावा, राम वर्मा निवासी गाड़ीपुरा, थाना कोतवाली इटावा तथा पूजा यादव निवासी प्रकाश नगर, महेरा चुंगी, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी इटावा के रूप में की है।
वहीं, आगरा स्थित माही ज्वैलर्स के मालिक विजय माने पुत्र सुभाष माने निवासी आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा, आगरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है।
*यह हुई बरामदगी*
1 चांदी की फूल करधनी, वजन 233 ग्राम।
1 चांदी की हाफ करधनी, वजन 105 ग्राम।
4 जोड़ी चांदी की पायल, वजन 203 ग्राम।
2 लाख 32 हजार रुपये नकद।
एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार।
पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का पुरस्कार
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी एसओजी एवं प्रभारी सर्विलांस अपनी टीम के साथ शामिल रहे। वहीं दूसरी टीम का नेतृत्व थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने किया। टीम में उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल विनय कुमार, कांस्टेबल योगेश कुमार, महबूब खान, रंजीत कुमार, महिला कांस्टेबल खुशी और मधु शामिल रहीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीमों के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
