Etawah News: पॉक्सो अधिनियम के प्रति बच्चों को किया जागरूक

Etawah News: पॉक्सो अधिनियम के प्रति बच्चों को किया जागरूक

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश तथा सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी के निर्देशानुसार जसवंतनगर के एरिस्टोटल वर्ल्ड स्कूल, डुढहा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य वेदपाठी तिवारी ने की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एससी/एसटी न्यायालय के न्यायाधीश संजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बाल यौन अपराधों से संरक्षण के लिए कानून में किए गए प्रावधानों, अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान तथा किसी भी प्रकार की अनुचित घटना होने पर तत्काल अपने माता-पिता, अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए जागरूक किया।

न्यायाधीश संजय कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और उन्हें प्राप्त कानूनी संरक्षण की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। जागरूकता के माध्यम से बच्चे अनुचित व्यवहार को पहचानने और उसके विरुद्ध आवाज उठाने में सक्षम हो सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा बालिकाओं की सुरक्षा एवं शिक्षा के महत्व पर भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बालिकाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

अधिकार मित्र श्याम ने भी विद्यार्थियों को विधिक सेवाओं तथा बच्चों के अधिकारों के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी उपायों और उपलब्ध विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *