गोलू सिंह ने बिरुहुन क्षेत्र से ठोकी दावेदारी जिला पंचायत चुनाव को लेकर बढ़ने लगी सरगर्मी
सुरेन्द्र मिश्रा
रसूलाबाद कानपुर देहात। आगामी जिला पंचायत चुनाव को लेकर जिला पंचायत क्षेत्रों में संभावित दावेदारों की सक्रियता धीरेधीरे बढ़ने लगी है। इसी क्रम में बिरुहुन जिला पंचायत क्षेत्र से पूर्व जिला पंचायत सदस्य राधा देवी के पुत्र गोलू सिंह ने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर चुनावी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से समर्थन और सहयोग की अपील की है।
रसूलाबाद प्रथम क्षेत्र से जुड़े गोलू सिंह ने अपनी दावेदारी को लेकर एक पोस्टर जारी किया है जिसमें उन्होंने जनसेवा और क्षेत्र के विकास को प्रमुखता देते हुए जनता के बीच अपनी बात रखने का प्रयास किया है। पोस्टर पर सबका साथ सबका विकास का संदेश अंकित करते हुए जनता के बहुमूल्य वोट और समर्थन को अपनी ताकत बताया है।
गोलू सिंह की माता राधा देवी पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक पहचान रही है। अब उनके पुत्र गोलू सिंह द्वारा जिला पंचायत सदस्य पद के लिए दावेदारी सामने आने के बाद क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
पोस्टर के जरिए गोलू सिंह ने क्षेत्र की जनता से जुड़ाव जनसेवा और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करने का प्रयास किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नाली पेयजल जलनिकासी साफ सफाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनता की अपेक्षाएं आगामी पंचायत चुनाव में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
बिरुहुन जिला पंचायत क्षेत्र में संभावित दावेदारों की सक्रियता के बीच गोलू सिंह की दावेदारी भी चर्चा में आ गई है। अभी पंचायत चुनाव में समय बाकी है लेकिन संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियों से क्षेत्र में चुनावी माहौल बनने लगा है। आने वाले दिनों में अन्य दावेदारों के सामने आने के साथ पंचायत चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।
