Etawah News: प्राथमिक विद्यालय निलोई में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक संपन्न, पात्र बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर। प्राथमिक विद्यालय निलोई में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण, बच्चों के अधिकारों तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं को पात्र बच्चों तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।
बैठक में बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत ऐसे पात्र बच्चों को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिनके पिता की मृत्यु मार्च 2020 से अब तक हुई है अथवा पिता या वैध संरक्षक किसी कारणवश परिवार के भरण-पोषण के लिए कमाने में सक्षम नहीं हैं। यह सहायता बच्चों की शिक्षा, भरण-पोषण एवं बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दी जाती है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा सरकारी सहायता से वंचित न रह जाए।
बैठक में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रमन भदौरिया, आंगनवाड़ी कार्यकत्री आशा देवी, अनुराधा, मिथलेश देवी, एजूकेटर प्रिया, किरन देवी, रेखा देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
