Etawah News: काली माता मंदिर में पूजा करने गए दलित पुजारी से मारपीट का आरोप, पत्नी और नाबालिग बेटा भी घायल
जातिसूचक गालियां देकर मंदिर में पूजा करने से रोकने का आरोप, पुलिस दोनों पक्षों के मामले की जांच में जुटी
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
इटावा। शहर स्थित सिद्ध पीठ टीक्सी मंदिर के पास विट्ठल आश्रम परिसर में बने काली माता मंदिर में पूजा करने गए एक दलित पुजारी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कुछ नामजद लोगों पर जातिसूचक गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित आकाश कोरी ने बताया कि वह अपनी पत्नी ज्योति कोरी के साथ सिद्ध पीठ टीक्सी मंदिर में महामंडलेश्वर शिवम गुरुजी के आदेशानुसार सेवा और सफाई का कार्य करते हैं तथा गुरुजी की शरण में रहते हैं। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह काली माता मंदिर में पूजा करने गए थे। इसी दौरान वहां के रहने वाले कुछ नामजद लोग पहुंचे और किसी बात को लेकर उनसे कहासुनी करने लगे।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान आरोपितों ने उनके साथ जातिसूचक अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कथित तौर पर कहा कि तुम नीची जाति के लोग हो, तुम्हें मंदिर में पूजा करने का कोई अधिकार नहीं है। हम ठाकुर हैं और यह काम हम लोगों का है। इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि जब उनकी पत्नी ज्योति कोरी उन्हें बचाने पहुंचीं तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान उनके 14 वर्षीय बेटे को भी लात-घूंसों से पीटकर घायल कर दिया गया। आरोप है कि मारपीट करने के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मारपीट से जुड़े आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा रहा है।
