*भारी बारिश में गिरा आशियाना, तीन बच्चों के साथ खुले आसमान के नीचे शिवराम का परिवार*
*खेती-मजदूरी कर परिवार पाल रहा युवक, प्रशासन से आवास और जरूरी सुविधाएं दिलाने की गुहार*
ब्यूरो रिपोर्ट चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
9415707425
*मल्लावां (हरदोई)।* विकासखंड क्षेत्र के सड़ियन पुरवा मजरा हर्रैया साहिमपुर निवासी 32 वर्षीय शिवराम पुत्र पुत्तूलाल का परिवार इन दिनों बेहद मुश्किल हालात से गुजर रहा है। शिवराम खेती और मजदूरी करके पत्नी और तीन बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। भारी बारिश के कारण उनके रहने की दीवार गिर गई और छप्पर व तिरपाल भी ढह गया। इससे परिवार के सामने सिर छिपाने के लिए सुरक्षित छत का संकट खड़ा हो गया है। शिवराम ने बताया, वह करीब पांच वर्षों से परिवार से अलग रह रहे हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी है। हाल ही में उनके घर एक बेटे का जन्म हुआ है।
सीमित आमदनी में खेती और मजदूरी करके किसी तरह परिवार का खर्च चला रहे थे। रहने के लिए उन्होंने अपने स्तर से दीवार, छप्पर और तिरपाल की व्यवस्था की थी, लेकिन भारी बारिश में यह भी गिर गया। शिवराम का कहना है कि उनके पास पक्का मकान नहीं है। परिवार के लिए राशन और अन्य घरेलू जरूरतों की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाती है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह गिरी हुई दीवार और छप्पर को दोबारा बनवाने की स्थिति में नहीं हैं।

*प्रशासन से मदद की गुहार*
बारिश में आशियाना गिरने के बाद शिवराम का परिवार अब बेहद कठिन परिस्थिति में है। उन्होंने प्रशासन से परिवार की स्थिति का मौके पर सत्यापन कराकर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि पात्रता के आधार पर उन्हें आवास योजना, राशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि पत्नी और तीन बच्चों के साथ वह सुरक्षित जीवन गुजार सकें। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर परिवार की मदद किए जाने की मांग की है। प्रशासनिक स्तर से यदि समय रहते परिवार को सुरक्षित आवास और जरूरी सहायता उपलब्ध करा दी जाए तो बारिश के इस मौसम में शिवराम और उनके बच्चों को बड़ी राहत मिल सकती है।
