फिल्मी कहानी की तरह शुरू हुई प्रेम कहानी का जो चप्पल की बरसात से अंत हुआ
जुबैर अंसारी स्पेशल क्रोस्पोंडेंट ऑफ बिहार l
बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल कोर्ट परिसर में ऐसा क्लाइमेक्स देखने को मिला कि देखते ही देखते पूरा परिसर अखाड़े में तब्दील हो गया। चार साल केइस प्रेम संबंध के बाद प्रेमिका संग कोर्ट मैरिज करने पहुंचे शादीशुदा युवक को अचानक उसकी पहली पत्नी ने पकड़ लिया। फिर क्या था,पति को सामने देखते ही पत्नी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच जमकर हंगामा हुआ और गुस्साई पत्नी ने पति पर चप्पलों की बरसात शुरू कर दी। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र का है जहां जदिया थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी पूरब पंचायत के रजगांव निवासी गुडेश कुमार (26) की करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से नवडीह निवासी काजल कुमारी से जान-पहचान हुई थी। सोशल मीडिया से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवक के अनुसार,वह पिछले चार वर्षों से काजल के साथ प्रेम संबंध में था। बताया जाता है कि जब गुडेश अपने प्रेमिका से मिलने उसके गाँव नवडीही पहुंचा तो गाँव वालों ने दोनों को रंगेहाथों पकड़ा और उसकी शादी कराई और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर वायरल कर दिया l फिर गुडेश अपनी प्रेमिका काजल के साथ शादी को कानूनी रूप देने के लिए कोर्ट मैरिज करने के इरादे से त्रिवेणीगंज अनुमंडल कोर्ट पहुंचा था। दोनों के कोर्ट मैरिज कर लेने की भी जानकारी सामने आई है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम की भनक युवक की पहली पत्नी किरण कुमारी को लग गई। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ सीधे कोर्ट परिसर पहुंच गई।

कोर्ट परिसर में पति को प्रेमिका के साथ देखकर किरण कुमारी का गुस्सा फूट पड़ा। उसने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी तेज हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने पति का हाथ पकड़कर चप्पल से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान खींचतान और धक्का-मुक्की भी हुई। अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ देर तक कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पहली पत्नी किरण कुमारी ने बताया कि शनिवार को उन्होंने अपने पति को प्रेमिका के साथ कोर्ट में शादी करते हुए पकड़ लिया। वहीं, पति गुडेश कुमार का कहना है कि प्रेमिका काजल कुमारी के साथ उनकी जबरन शादी कराई गई है गुडेश ने यह भी बताया कि काजल कुमारी से उनके दोस्त के माध्यम से इंस्टाग्राम से संपर्क हुआ था और पिछले चार सालों से वह काजल के संपर्क में है उससे प्रेम करता है दूसरी ओर, प्रेमिका काजल कुमारी ने बताया कि गुडेश कुमार के साथ पकड़े जाने के बाद गांववालों ने दोनों की शादी गांव में करवा दी थी। इसके बाद वे दोनों कोर्ट मैरिज करने पहुंचे थे। काजल ने यह भी बताया कि वह पिछले चार वर्षों से गुडेश के संपर्क में है और उससे प्रेम करती है।
बताया जाता है कि गुडेश कुमार की पहली पत्नी किरण कुमारी से तीन बच्चे हैं। ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम ने लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हंगामे के बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक गुडेश कुमार,उसकी पहली पत्नी किरण देवी तथा प्रेमिका काजल कुमारी को थाने ले गई। इस बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। इस संबंध में सब-इंस्पेक्टर शिशुपाल रविदास ने बताया कि तीनों को थाने लाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
