स्क्रिप्ट – सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
🚨 *फतेहपुर में फाइलेरिया के खिलाफ बड़ा अभियान, 19 नवंबर से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम! 147 टीमें 11 विकासखंडों में लोगों को अपने सामने खिलाएंगी दवा, 7 दिसंबर तक चलेगा अभियान।*
एंकर -फतेहपुर को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारी की है। जनपद में 19 नवंबर से सर्वजन दवा सेवन अभियान यानी MDA की शुरुआत होने जा रही है, जो 7 दिसंबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत जनपद के 11 विकासखंडों में 147 स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाएंगी।
बुधवार को आयोजित मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जिसके लक्षण कई वर्षों बाद दिखाई देते हैं। संक्रमण के कारण हाथीपांव और हाइड्रोसील जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए समय रहते दवा का सेवन करना बेहद जरूरी है।

सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान उम्र और लंबाई के अनुसार तीन प्रकार की दवाएं दी जाएंगी। खास बात यह है कि स्वास्थ्य कर्मी केवल दवा देकर नहीं लौटेंगे, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने सामने ही दवा का सेवन कराएंगे। अभियान की निगरानी के लिए सभी टीमों के साथ सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। वहीं WHO, PATH और मेडिकल कॉलेज की टीमें भी अभियान पर नजर रखेंगी।
सीएमओ के मुताबिक, फतेहपुर के सभी 11 विकासखंड अभियान में शामिल हैं। इस बार स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से छूटने न पाए। दवा खाने के बाद कुछ लोगों को हल्का बुखार, सिरदर्द या जी मिचलाने जैसी परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस डोज टीम गठित की गई है, जो जरूरत पड़ने पर उपचार उपलब्ध कराएगी।
अंत में सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम जब भी उनके घर पहुंचे तो दवा का सेवन जरूर करें और अभियान में पूरा सहयोग दें। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जनभागीदारी से ही फतेहपुर को फाइलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बाइट – CMO फतेहपुर
