हरिद्वार उत्तराखंड
कुंभ 2027 में गुरु रविदास साधु संप्रदाय की शाही स्नान में सहभागिता को लेकर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष से मुलाकात
संत बाबा निर्मल दास जी की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी को दिया आमंत्रण, कुंभ में संत समाज की भागीदारी को लेकर किया निवेदन
हरिद्वार। आगामी कुंभ पर्व 2027 में गुरु रविदास साधु संप्रदाय की शाही स्नान में सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर श्री गुरु रविदास साधु संप्रदाय सोसाइटी पंजाब के अध्यक्ष श्री 108 संत बाबा निर्मल दास जी की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज से मुलाकात कर निवेदन किया।भगवान रविदास एवं अटल निर्मला छावनी हरिद्वार के प्रबंधक राजकुमार डोंगर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आगामी कुंभ पर्व में गुरु रविदास साधु संप्रदाय (रजि.) के संत-महात्माओं की शाही स्नान में सहभागिता को लेकर चर्चा की। इस दौरान अखाड़ा परिषद अध्यक्ष को संप्रदाय की ओर से आमंत्रित करते हुए कुंभ पर्व में उचित स्थान एवं सहभागिता प्रदान किए जाने का अनुरोध किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कुंभ पर्व भारतीय सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक एकता और संत परंपराओं का विश्वविख्यात महापर्व है। जगतगुरु संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की शिक्षाएं सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। ऐसे में गुरु रविदास साधु संप्रदाय के संतों की कुंभ पर्व में सहभागिता धार्मिक एवं सामाजिक एकता को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज के समक्ष संप्रदाय की भावनाओं को रखते हुए आगामी कुंभ में शाही स्नान की व्यवस्था में शामिल किए जाने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान राजकुमार डोंगर, पाल सिंह, पंकज सिंह, देवेश गुप्ता, अशरफ, सन्नी वर्मा, देवेंद्र, टिंकू कुमार एवं रमेश सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
