सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ कंप्यूटर ऑपरेटर, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई
फतेहपुर। जनपद फतेहपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन संगठन प्रयागराज मंडल की टीम ने विकास खंड हथगांव में तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पूरे विकास खंड कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रेस नोट के अनुसार शिकायतकर्ता संतोष कुमार, ग्राम प्रधान, निवासी नईपुर, ग्राम पंचायत सुरजीपुर, विकास खंड हथगांव ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत सुरजीपुर के राजस्व ग्राम सुरजीपुर में कराए गए नाली एवं सड़क निर्माण कार्यों की खर्च की गई धनराशि का भुगतान कराने के एवज में विकास खंड कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर हफीजुर्रहमान द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायतकर्ता ने इस संबंध में 31 जुलाई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, थाना/इकाई प्रयागराज में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन संगठन ने मामले का सत्यापन कराया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।
इसके बाद 3 अगस्त 2026 को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज की 13 सदस्यीय ट्रैप टीम ने विकास खंड कार्यालय हथगांव में जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता आरोपी को रिश्वत की रकम देने पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने 50 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हफीजुर्रहमान पुत्र शकील अहमद, निवासी ग्राम हसनपुर, पोस्ट रेवाड़ी, थाना कल्याणपुर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 38 वर्ष बताई गई है और वह ग्राम विकास विभाग, विकास खंड हथगांव में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रेस नोट में बताया गया है कि आरोपी के विरुद्ध थाना खागा, जनपद फतेहपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है।
इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में एंटी करप्शन संगठन की इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कोई राजपत्रित या अराजपत्रित सरकारी अधिकारी अथवा कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तुरंत संगठन को दें ताकि समय रहते ट्रैप कार्रवाई कर दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जा सके।
संगठन ने शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454402490 (भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज मंडल) तथा 9454402484 (मुख्यालय कंट्रोल रूम, लखनऊ) जारी किए हैं।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद विकास खंड हथगांव सहित जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी हलचल देखी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में भ्रष्टाचार के मामलों पर निगरानी और अधिक सख्त की जाएगी तथा शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
