Etawah News: बकेवर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के जेवरात के साथ 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार

Etawah News: बकेवर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के जेवरात के साथ 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार

 

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

बकेवर/इटावा। गंगदासपुर गांव में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में बकेवर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद किए हैं। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात गंगदासपुर निवासी रामनरेश के मकान में चोरी हुई थी। परिवार के लोग छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर कमरे का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

सोमवार तड़के बकेवर पुलिस टीम महासिंह पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गौतमपुरा की ओर से नहर किनारे लखना की तरफ आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी सोने के कान के झाले, एक सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र पेंडल सहित और चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद हुईं।

पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम तौहीद खां (24 वर्ष), निवासी रामगंज, थाना कोतवाली इटावा बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी राहुल के साथ मिलकर गंगदासपुर में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, चोरी के सामान को दोनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। कुछ जेवर बेचकर मिली रकम खर्च की जा चुकी है, जबकि शेष आभूषण बेचने के लिए तौहीद जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार दूसरे आरोपी राहुल की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

📌 बरामदगी:

🔸 सोने के कान के झाले

🔸 सोने की अंगूठी

🔸 मंगलसूत्र पेंडल सहित

🔸 चांदी की दो जोड़ी पायल

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *