Etawah News: SSP इटावा ने फिर चलाई तबादला एक्सप्रेस: एसएसपी ने कई निरीक्षक और उप निरीक्षक के कार्यक्षेत्र बदले
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
इटावा। जिले की कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। आदेश के तहत कई निरीक्षकों और एक उपनिरीक्षक को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। चकरनगर और लवेदी थाने के प्रभारी भी बदले गए हैं।
आदेश के मुताबिक निरीक्षक बलराम मिश्रा को प्रभारी निरीक्षक चकरनगर के पद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। उनकी जगह आईजीआरएस सेल में तैनात निरीक्षक शशांक राजपूत को चकरनगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, उपनिरीक्षक कैलाश बाबू को कार्यक्षेत्राधिकारी अपराध के पद से हटाकर लखेरा कुआं पुलिस चौकी, बलरईं का प्रभारी बनाया गया है।
*लवेदी थाना प्रभारी भी बदले*
लवेदी थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे। इसी बीच एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार विश्वकर्मा को लवेदी से हटाकर डीसीआरबी भेज दिया है। उनकी जगह एसएसपी पीआरओ में तैनात निरीक्षक गौरव कुमार को लवेदी थाना प्रभारी बनाया गया है।
एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने नए कार्यक्षेत्र में कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले की कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
