Etawah News: सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों ठगने वाला साइबर ठग गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड और सेना समेत विभिन्न विभागों में नौकरी दिलाने का देता था झांसा, फर्जी नियुक्ति पत्र और सरकारी मोहरें बरामद
इटावा। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवाओं से ऑनलाइन लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजनपदीय साइबर ठग को साइबर सेल और ऊसराहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, विभिन्न सरकारी विभागों की मोहरें, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल, अपाचे मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार ऊसराहार थाना क्षेत्र के अलीपुरा निवासी शिशुपाल सिंह ने शिकायत की थी कि नगला विजयी निवासी नवल किशोर ने लखनऊ सचिवालय में अच्छी जान-पहचान होने का झांसा देकर एसजीपीजीआईएमएस लखनऊ में फार्मासिस्ट की नौकरी लगवाने के नाम पर सात लाख रुपये मांगे। फाइल चार्ज और अन्य खर्चों के नाम पर उससे करीब दो लाख रुपये ऑनलाइन खाते में डलवा लिए। इसके अलावा राहुल कुमार से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती, रानी देवी से होमगार्ड भर्ती और कन्नौज निवासी अर्जुन सिंह से एसजीपीजीआईएमएस में फार्मासिस्ट की नौकरी लगवाने के नाम पर क्रमश: 50 हजार, 50 हजार और 80 हजार रुपये लिए।
आरोप है कि कुछ दिन बाद नवल किशोर ने एसजीपीजीआईएमएस के निदेशक के फर्जी हस्ताक्षर और मोहर लगे नियुक्ति पत्र थमा दिए। होमगार्ड परीक्षा में फेल अभ्यर्थी को पास दर्शाने वाले फर्जी दस्तावेज भी भेजे। शिकायत के बाद ऊसराहार थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह करीब 9:01 बजे भरथिया अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान नवल किशोर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांव के युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर रुपये लेने और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक शक होने पर वह मोबाइल बंद कर नंबर बदल लेता था और शिकायत करने वालों को चेक देकर टालता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, केनरा बैंक की चेकबुक, दो एचडीएफसी बैंक के चेक, तीन एटीएम कार्ड, मोबाइल, दो सिम, एसजीपीजीआईएमएस और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की दो फर्जी मोहरें, फर्जी नियुक्ति पत्र, होमगार्ड परीक्षा के कूटरचित दस्तावेज, नौकरी के विज्ञापन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
चार मुकदमे पहले से दर्ज
पुलिस के अनुसार नवल किशोर के खिलाफ ऊसराहार थाने के वर्तमान मुकदमे के अलावा कन्नौज के सौरिख थाने में वर्ष 2024 में धोखाधड़ी के दो मुकदमे और वर्ष 2020 में मारपीट, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन, एएसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र के मार्गदर्शन और सीओ भरथना रामदवन के नेतृत्व में साइबर सेल व ऊसराहार पुलिस की संयुक्त टीम ने की। टीम में साइबर सेल के उपनिरीक्षक लोकेश कुमार समेत पुलिसकर्मी और ऊसराहार प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा व कांस्टेबल सत्य प्रकाश शामिल रहे।
