Etawah News: चंद्रशेखर आजाद की रिहाई की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी कार्यकर्ताओं ने इटावा डीएम कार्यालय पर किया धरना, प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा ज्ञापन…..
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
इटावा। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद को गोंडा में पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय कथित रूप से रोके जाने के विरोध में रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने इटावा कचहरी परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद की रिहाई की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
धरने का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री एवं कानपुर मंडल मुख्य प्रभारी अभिषेक आजाद ने किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद गोंडा में एक पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। पार्टी का आरोप है कि रास्ते में पुलिस-प्रशासन द्वारा उन्हें रोक दिया गया और उनके साथ अभद्रता की गई। अभिषेक आजाद ने कहा कि किसी पीड़ित परिवार से मिलना जनप्रतिनिधि का लोकतांत्रिक दायित्व है। ऐसे में जनप्रतिनिधि को रोके जाने की कार्रवाई निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा, ब्लॉक, सेक्टर एवं बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों और पीड़ितों की आवाज उठाने की अपील की।
धरने के दौरान जिलाधिकारी की गैरमौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारी राजेश बाथम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चंद्रशेखर आजाद की रिहाई तथा उनके साथ कथित रूप से हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
प्रदर्शन में भरथना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी विक्की उर्फ विकीत कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष अतुल आजाद, कानपुर मंडल अध्यक्ष बॉलीयंटर लकी आजाद, जसवंतनगर विधानसभा अध्यक्ष अंशुल आजाद, सुधीर जाटव, भीम आर्मी जिला अध्यक्ष आनंद स्वरूप, मनीष शाक्य, मनोज भारती, मलखान सिंह, शिवम गोयल, अजय बौद्ध और सुमित चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद की रिहाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
