Etawah News: बंदरों के झुंड ने छह वर्षीय छात्र पर किया हमला, पिता ने बचाई जान
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 News
बसरेहर/इटावा: बसरेहर-किल्ली रोड तिराहे के पास रविवार शाम करीब छह बजे मकान की छत पर खेल रहे छह वर्षीय यूकेजी छात्र प्रतीक पुत्र नंदलाल पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पिता ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह बंदरों को भगाया और बच्चे की जान बचाई।
बताया गया कि प्रतीक अन्य बच्चों के साथ मकान की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बंदरों का झुंड छत पर पहुंच गया और बच्चों की ओर झपटने लगा। बंदरों को देखकर अन्य बच्चे तो किसी तरह वहां से भाग निकले, लेकिन प्रतीक उनकी चपेट में आ गया। बंदरों ने बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
बच्चे की चीख सुनकर उसके पिता नंदलाल तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहस दिखाते हुए किसी तरह बंदरों को वहां से हटाया और बच्चे को उनके चंगुल से बचाया। इसके बाद घायल प्रतीक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसरेहर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया और आवश्यक टीकाकरण कराया।
समय रहते पिता के मौके पर पहुंच जाने से बड़ी घटना टल गई। यदि कुछ देर और बंदर बच्चे को घेरे रहते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बसरेहर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से बंदरों का आतंक बना हुआ है। बंदरों के झुंड आए दिन घरों की छतों, गलियों और आसपास के इलाकों में पहुंच जाते हैं। इससे विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बंदरों की बढ़ती संख्या और आतंक पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों को राहत मिल सके।
