Etawah News: कैंपस प्लेसमेंट में 62 विद्यार्थियों का चयन, रोजगार का मिला अवसर
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24
जसवंतनगर, इटावा। चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी (स्वायत्त महाविद्यालय) में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इसमें सहज मिल्क प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया में कुल 62 विद्यार्थियों का विभिन्न पदों पर चयन हुआ।
कंपनी की ओर से भास्कर चौ. तिवारी, मानव संसाधन प्रमुख, वीरेश कुमार, जिला प्रमुख (दूध खरीद) एवं संजय त्रिपाठी, जिला गुणवत्ता प्रमुख ने चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।
प्लेसमेंट ड्राइव में बीएससी एग्रीकल्चर एवं बीएससी केमिस्ट्री के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मिल्क फैसिलिटेटर के पद पर 34 विद्यार्थियों तथा केमिस्ट के पद पर 28 विद्यार्थियों का चयन हुआ। इस प्रकार कुल 62 विद्यार्थियों को रोजगार का अवसर मिला।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ग्रुप डायरेक्टर डॉ. संदीप पाण्डेय ने कहा कि कैंपस प्लेसमेंट विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. जितेन्द्र यादव, प्रबंधन समिति के सदस्य अशांक हनी यादव, नितिन आनंद एवं धर्मेंद्र कुमार सहित शिक्षक उपस्थित रहे। महाविद्यालय परिवार ने चयनित सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
