Etawah News: जसवन्तनगर पुलिस ने 50 लाख की 500 पेटी अंग्रेजी शराब से लदा ट्रक पकड़ा दो तस्कर गिरफ्तार

Etawah News: जसवन्तनगर पुलिस ने 50 लाख की 500 पेटी अंग्रेजी शराब से लदा ट्रक पकड़ा दो तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर/इटावा: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जसवन्तनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत की 500 पेटी (6,000 बोतल) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की तस्करी के आरोप में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सीओ जसवन्तनगर आयुषी के नेतृत्व तथा प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी के निर्देशन में पुलिस टीम ने जसवन्तनगर-बाईपास क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए भागने का प्रयास कर रहे शराब से लदे ट्रक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक में पुट्टी/पीओपी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 500 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

 

बताया गया कि शराब की यह खेप पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी। तस्कर सस्ते दामों में पंजाब मार्का शराब खरीदकर उसे बिहार में महंगे दामों पर बेचने की फिराक में थे। बरामद शराब में इंपीरियल ब्लू, रॉयल ग्रीन और रॉयल स्टैग समेत कई ब्रांड शामिल बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि ट्रक से शराब की खेप पहुंचाने के लिए चालक को कथित तौर पर प्रति चक्कर 35 हजार रुपये दिए जाते थे। बरामद ट्रक नागालैंड नंबर का बताया गया है। पुलिस ने ट्रक और शराब से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की है।

 

पुलिस की इस कार्रवाई पर एसएसपी इटावा द्वारा जसवन्तनगर पुलिस टीम को ₹20,000 के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *