लापता छात्र का 8 दिन बाद मिला शव, इलाके में सनसनी
डी एन शुक्ला
ब्यूरो रिपोर्ट TTN 24 NEWS
पश्चिम चंपारण के रामनगर में 8 दिन से लापता 13 वर्षीय छात्र का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मेघवल मठिया वार्ड-5 निवासी मोहम्मद अमानुल्लाह खान के पुत्र शिब्बू खान के रूप में की गई है।जानकारी के अनुसार, शिब्बू खान राजकीय मध्य विद्यालय मठिया में कक्षा 6 का छात्र था। उसके पिता ने रामनगर थाने में दिए आवेदन में बताया कि उनका बेटा 12 अक्टूबर 2026 को स्कूल में छुट्टी के समय करीब 3:30 बजे अपनी किताब-कॉपी रखकर लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई।
पिता के आवेदन के आधार पर रामनगर थाने में कांड संख्या 665/25 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई शिवनाथ मांझी को सौंपी गई है।
8 दिन बाद छात्र का शव बरामद होने के बाद परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।शव बरामदगी के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह स्कूल से लापता होने के बाद कहां था, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है।
