अपहृत बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद किया, चार अपहरणकर्ता गिरफ्तार  

स्लग:* अपहृत बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद किया, चार अपहरणकर्ता गिरफ्तार

 

डी एन शुक्ला।

 

रामनगर में फल का लालच देकर अगवा किए गए 9 साल के बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हथियार भी बरामद हुए हैं।

 

मिली जानकारी के अनुसार, चौतरवा थाना क्षेत्र के सलहा टोला तमकुही निवासी अब्दुल कैश अंसारी के 9 वर्षीय पुत्र सादिक अंसारी का अपहरण हो गया था। 14 अक्टूबर को दिन के करीब 11 बजे बच्चा सेरहवा-बहुअरी स्थित मसान नदी पुल के पास खेल रहा था, तभी एक अज्ञात व्यक्ति फल का लालच देकर उसे बाइक पर बैठाकर फरार हो गया।

परिजनों की शिकायत पर रामनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसी दौरान अपहरणकर्ताओं ने बच्चे के पिता के मोबाइल पर फोन कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी।

 

सूचना मिलते ही बगहा एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम, एसडीपीओ निहार भूषण, अंचल निरीक्षक रामनगर, अंचल निरीक्षक बगहा, थानाध्यक्ष रामनगर महेंद्र कुमार सहित गोवर्धना, चौतरवा, लौकरिया, भितहा, नौरंगिया और नदी थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी शुरू की।

 

तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने रामनगर नेपाली टोला स्थित रामविलास पटेल के कमरे से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से मोहम्मद नेयाज और अफरीदा खातून को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक देशी रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बाद में इस कांड में शामिल मिक्की जायसवाल और नासिर अली को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *