उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां एक प्राइमरी स्कूल की महिला हेडमास्टर पर आरोप लगा कि उन्होंने बकरीद से दो दिन पहले स्कूल में बकरा बांधा था और छात्रों से जंगल से चारा कटवाकर खिलाने के लिए मंगाया था। इसके अलावा हेडमास्टर पर यह आरोप भी लगा कि उन्होंने साल-2016-17 में बनी विद्यालय की चहारदीवारी को बिना विभागीय प्रक्रिया का पालन किए तुड़वाकर 2023-24 में नई चहारदीवारी के लिए धनराशि विभाग से स्वीकृत कराकर निर्माण करा दिया था। इस तरह शासकीय धन के दुरुपयोग किया था। बीएसए ने शिकायतों के मद्देनजर हेडमास्टर से स्पष्टीकरण मांगा था। इस पर हेडमास्टर जो स्पष्टीकरण दिया वह उन्हें संतोषजनक नहीं लगा। अंतत: बीएसए ने हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया।
यह प्रकरण बिजनौर के अल्हैपुर प्राथमिक विद्यालय भिक्कावाला का है। बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि गांव लक्ष्मीसैनपुर उर्फ भिक्कावाला के रहने अनित कुमार और नवनीत राजपूत ने सीडीओ से शिकायत की थी कि हेडमास्टर द्वारा 2016-17 में बनी विद्यालय की चारदीवारी को बिना विभागीय प्रक्रिया का पालन किए तुड़वाकर 2023-24 में नई चारदीवारी के लिए धनराशि विभाग से स्वीकृत कराकर निर्माण करा दिया था। शासकीय धन के दुरुपयोग किए जाने को लेकर शिकायत की थी। बीएसए ने बताया कि इसके अलावा शिकायत मिली थी कि हेडमास्टर द्वारा 28 मई को बकरीद के अवसर से दो दिन पहले बकरा खरीदकर विद्यालय में बांधा गया। विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से बकरे के लिए जंगल से चारा कटवाकर खिलाये जाने के लिए मंगाया गया। बीएसए ने बताया कि हेडमास्टर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया लेकिन हेडमास्टर का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला। इस पर हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।
किरार खेड़ी में बीएसए को अध्यापक मिले गायब
वहीं बिजनौर के किरार खेड़ी में औचक निरीक्षण पर निकले बीएसए ने अध्यापकों का स्कूल से गायब रहने का खेल पकड़ लिया। निरीक्षण के दौरान बीएसए सचिन कसाना को कम्पोजिट स्कूल किरार खेड़ी ब्लाक अल्हैपुर में साढे़ 12 बजे दो सहायक अध्यापक, दो शिक्षामित्र और एक अनुदेशक गायब मिले। बीएसए सचिन कसाना ने सभी का एक दिन का वेतन, मानदेय काट दिया है और प्रधानाध्यापिका से स्पष्टीकरण मांगा है।
बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि शनिवार को अल्हैपुर ब्लाक में स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान करीब 12 बजकर 30 मिनट पर कम्पोजिट स्कूल किरार खेड़ी में दो सहायक अध्यापक, दो शिक्षामित्र और एक अनुदेशक गैरहाजिर मिले। इस पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका से स्प्ष्टीकरण मांगा गया है। बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि प्रधानाध्यापिका के संरक्षण में ही अध्यापकों का स्कूल से समय से पहले गायब होने का खेल चल रहा है। खेल कितना पुराना है इसकी जांच की जा रही है। इस विद्यालय में और भी अनियमितता मिली है। सभी का एक दिन का मानदेय और वेतन काट दिया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का समय 8 से 2 तक है।
