हरदोई: अमर शहीद मेजल पंकज पांडेय की प्रतिमा का अनावरण, श्रद्धांजलि सभा में नम हुईं आंखें

अमर शहीद मेजल पंकज पांडेय की प्रतिमा का अनावरण, श्रद्धांजलि सभा में नम हुईं आंखें ।

 

ब्यूरो रिपोर्ट चन्दगीराम मिश्रा

हरदोई यूपी

हरदोई। अमर शहीद मेजर पंकज कुमार पांडेय की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उनकी प्रतिमा का अनावरण उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया। कार्यक्रम में शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके साहस और बलिदान को नमन किया गया। समारोह की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी ने की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “हरदोई का हर नागरिक मेरे परिवार का हिस्सा है। प्रदेश सरकार शहीदों के परिजनों के सम्मान और सहयोग के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।” उन्होंने सैनिकों के त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमा पर डटे जवानों के साथ-साथ उनके परिवार भी हर पल कठिन परीक्षा से गुजरते हैं। उन्होंने वीर शहीद पंकज कुमार पाण्डेय के नाम पर हरदोई मेडिकल कॉलेज का नामकरण कराने का भी आश्वासन दिया!

कार्यक्रम का सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला, जब शहीद के पिता अवधेश कुमार पांडेय अपने पुत्र को याद कर भावुक हो गए। मंच पर मौजूद उपमुख्यमंत्री ने उन्हें ढांढस बंधाया और गले लगाकर सांत्वना दी। इस भावुक पल ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम कर दीं।

वक्ताओं ने मेजर पंकज कुमार पांडेय के शौर्य को याद करते हुए बताया कि 22 जुलाई 2021 को उन्होंने अपने साथी सैनिक का जीवन बचाने के दौरान असाधारण वीरता का परिचय दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने कर्तव्य का निर्वहन किया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ‘बब्बन’,पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’, डॉ. सुशील चंद्र त्रिवेदी ‘मधुपेश’ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सैनिक, पूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम में शहीद के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और उनके परिवार के प्रति संवेदना का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *