Etawah News धान की रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, 11 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर (इटावा)। तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला वंशी, मौजा अधियापुर में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक 11 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुशबू (11 वर्ष) अपने परिजनों के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसके सिर पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बताया गया कि खुशबू गांव के प्राथमिक विद्यालय की छात्रा थी। उसके पिता गंगाचरण आर्थिक रूप से कमजोर हैं। परिवार में पांच बेटियां और दो बेटे हैं। बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार नेहा सचान और लेखपाल मोहम्मद जहीर राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान ग्राम प्रधान कमलेश कुमारी के पति सर्वेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि कठिन समय में उन्हें कुछ राहत मिल सके।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली से होने वाले खतरों की याद दिलाता है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और तेज गर्जना के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की है।
