सीमा सील होने के बावजूद 386 किलो गांजा किया जब्त तस्कर फरार , एसएसबी की निगरानी पर उठे सवाल

सीमा सील होने के बावजूद 386 किलो गांजा किया जब्त तस्कर फरार , एसएसबी की निगरानी पर उठे सवाल।

जुबैर अंसारी स्पेशल क्रोस्पोंडेंट ऑफ बिहार की खास रिपोर्ट l

 

नेपाल में बीते पाँच दिनों से जारी सांप्रदायिक तनाव के कारण भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और सीमावर्ती क्षेत्रों में आवाजाही पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। ऐसे समय में वीरपुर थाना क्षेत्र के खोंटाहा स्थित एनएच 106 के उत्तर नेपाल सीमा के समीप से बिहार पुलिस द्वारा 386 किलोग्राम गांजा की बड़ी खेप बरामद किए जाने के बाद सीमाई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच कई सवाल उठने लगे हैं। आम लोगों का कहना है कि जब सीमा पर एसएसबी की तैनाती और निगरानी पहले से अधिक सख्त है, तब इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ भारतीय सीमा तक कैसे पहुंच गया।

सुपौल पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने खोंटाहा गांव के समीप प्रदीप मटियेत के परती खेत में रखे 11 प्लास्टिक बोरों से कुल 386 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने गांजा जब्त कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए स्थानीय स्तर के साथ-साथ तकनीकी अनुसंधान भी शुरू कर दिया है।

इधर, एसडीपीओ वीरपुर सुरेंद्र कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

हालांकि, इस बरामदगी के बाद सीमावर्ती इलाकों में यह चर्चा तेज है कि इतनी बड़ी खेप भारतीय सीमा तक पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी गंभीर चुनौती का विषय है। लोगों का मानना है कि मामले की गहन जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तस्करी की यह खेप सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र तक कैसे पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *