तांदुला नदी की बाढ़ से गुंडेरदेही वार्ड 3 बेहाल, भूखे मरने की नौबत: कांग्रेस विधायक रील बनाने में मग्न, जनता करेगी चुनाव का बहिष्कार

स्थान गुंडेरदेही

रिपोर्टर हनु नायक

तांदुला नदी की बाढ़ से गुंडेरदेही वार्ड 3 बेहाल, भूखे मरने की नौबत: कांग्रेस विधायक रील बनाने में मग्न, जनता करेगी चुनाव का बहिष्कार।

 

गुंडेरदेही (बालोद): तांदुला नदी में आई भीषण बाढ़ से नगर पंचायत गुंडेरदेही के वार्ड क्रमांक 3 के ग्रामीण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के पानी से घिरे होने के कारण क्षेत्र की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है और स्थानीय निवासी भोजन तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भूखे मरने को मजबूर हैं।
एक तरफ जहां पीड़ित जनता मदद की गुहार लगा रही है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद और प्रमोद जैन स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फोटो खिंचवाने और रील बनाने में व्यस्त हैं। स्थानीय जनता ने जनप्रतिनिधियों के इस असंवेदनशील रवैये पर कड़ा रोष जताया है।
जनता का आरोप है कि आपदा के इस समय में प्रशासनिक व राजनीतिक सहयोग पूरी तरह शून्य है। वार्ड के एक लकवा पीड़ित व्यक्ति द्वारा सहायता के लिए जब कांग्रेस विधायक को फोन किया गया, तो उन्होंने फोन का कोई जवाब नहीं दिया। इतना ही नहीं, जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी बालोद कलेक्टर ने भी आपदा पीड़ित जनता का फोन उठाना उचित नहीं समझा।
विधायक और प्रशासन के इस उपेक्षापूर्ण व्यवहार से आक्रोशित गुंडेरदेही वार्ड 3 के निवासियों ने सामूहिक रूप से आगामी चुनावों का पूरी तरह से बहिष्कार करने का संकल्प लिया है। जनता का स्पष्ट कहना है कि जो जनप्रतिनिधि और अधिकारी उनके संकट के समय काम न आ सकें, उन्हें वोट देने का कोई औचित्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *