झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर,24 घंटे में 20 की मौत,कई झुलसे,अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर,24 घंटे में 20 की मौत,कई झुलसे,अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट

 

रिपोर्ट- मुकेश कुमार-स्टेट हेड-बिहार/झारखंड

 

रांची(झारखंड)।झारखंड में मानसून ने एक बार फिर कहर बरपाया है। पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में राज्यभर में 20 लोगों की मौत हो गई,जबकि एक दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। सबसे अधिक 11मौतें गिरिडीह जिले में दर्ज की गई हैं।अधिकांश हादसे धान रोपनी,खेतों में काम करने,निर्माण कार्य के दौरान या बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े रहने के दौरान हुए।सबसे दर्दनाक घटना गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र के देवपहाड़ी स्थित गोसाई आहर के पास हुई,जहां पेड़ के नीचे मोबाइल पर गेम खेल रहे चार युवकों की वज्रपात से मौके पर ही मौत हो गई,जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतकों में तीन चचेरे भाई भी शामिल हैं। इसके अलावा गिरिडीह के विभिन्न क्षेत्रों में खेतों और निर्माण स्थल पर भी कई लोगों की जान चली गई।दुमका में तीन,लातेहार में दो,जबकि गढ़वा और पलामू में भी एक-एक व्यक्ति की वज्रपात से मौत हुई।कई घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।इस बीच बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है।मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश,वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है।

मंगलवार को रांची समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।कांके में 76 मिमी और रांची शहर में 35 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

•मौसम विभाग की अपील:-

खराब मौसम के दौरान खुले मैदान,खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।वज्रपात की चेतावनी मिलने पर सुरक्षित स्थान पर शरण लें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *