गैस रेगुलेटर लीकेज से भड़की आग, छप्पर घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख
ब्यूरो रिपोर्ट चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
मल्लावां (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरेरा में गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में लीकेज होने से लगी आग में एक परिवार की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गांव निवासी वीरेंद्र कुमार राजपूत पुत्र रामखेलावन राजपूत के घर में खाना बन रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस रिसाव होने लगा और अचानक छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को सूचना देकर घर की बिजली आपूर्ति भी बंद कराई। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक घर में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
सूचना मिलने पर राजस्व विभाग के हल्का लेखपाल बृजेश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
