इसरार अहमद जिला संवाददाता अम्बेडकरनगर
बहनों ने भाइयों की कलाई पर सजाया स्नेह का धागा बाजारों में छाई रही रौनक
अम्बेडकरनगर। भाई-बहन के असीम प्रेम और अटूट विश्वास का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन जिले भर में पारंपरिक श्रद्धा उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में त्योहार की चहल- पहल देखने को मिली। बहनों ने मंगल गीत गाते हुए भाइयों के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाया आरती उतारी और उनकी लंबी उम्र व उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधा। वहीं, भाइयों ने भी बहनों को उनकी रक्षा का वचन देते हुए मनपसंद उपहार और उपहार स्वरूप नेग भेंट किया।बाजारों में दिनभर रही गहमागहमी
त्योहार को लेकर अकबरपुर शहजादपुर टांडा जलालपुर और आलापुर समेत जिले के प्रमुख बाजारों में बीते दो दिनों से भारी रौनक बनी रही।मिठाई की दुकानों पर काजू कतली और छेने की मिठाइयों की जमकर बिक्री हुई। वहीं, राखियों की दुकानों पर बच्चों के लिए कार्टून राखियों से लेकर रेशमी व फैंसी राखियों की खरीदारी के लिए महिलाओं और युवतियों की भीड़ उमड़ पड़ी।परिवहन सेवा में बहनों को मिली राहत
रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की घोषणा के अनुसार जिले में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिली।अकबरपुर बस स्टेशन पर सुबह से ही गंतव्य तक जाने वाली महिलाओं की काफी भीड़ रही, जिससे बहनों को अपने भाइयों के घर पहुंचने में काफी सहूलियत हुई।सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। घर न जा पाने वाले पुलिसकर्मी को खुद पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने राखी बांधकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी प्रमुख चौराहों, मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी-रोमियो स्क्वाड और पीआरवी वाहनों ने दिनभर गश्त जारी रखी।जिले के ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक रक्षाबंधन का यह पर्व आपसी सौहार्द, स्नेह और खुशियों के साथ संपन्न हुआ।
