मुख्य सचिव ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए की समीक्षा

 

*मुख्य सचिव ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए की समीक्षा*

 

*वायु प्रदूषण नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं परिणामपरक कार्रवाई करें सुनिश्चितः मुख्य सचिव*

 

*दिनांकः 03 सितम्बर, 2026*

 

*लखनऊ।* मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के संबंध में संबंधित जनपदों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वायु प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध, प्रभावी एवं परिणामपरक तरीके से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संबंधित विभाग एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए निर्धारित एक्शन प्लान का नियमित अनुश्रवण करे तथा सभी गतिविधियों का निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य सचिव ने नगर निगम गाजियाबाद एवं मेरठ तथा नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जीएनआईडीए) को निर्देशित किया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह की 3 तारीख को तथा पवन पोर्टल पर सही, पूर्ण एवं अद्यतन डेटा के साथ अनिवार्य रूप से अपलोड कराई जाए। इसके अतिरिक्त संबंधित विभागों द्वारा मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह की 5 तारीख को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को अवश्य प्रेषित की जाए।

उन्होंने प्रदेश में स्थित थर्मल पावर प्लांट्स में 5 प्रतिशत बायोमास पेलेट्स की को-फायरिंग का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, रोड रिडेवलपमेंट के कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि रोड रिडेवलपमेंट कार्यों एवं रोड डस्ट की रोकथाम के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन (MRSM) के क्रय से संबंधित जिन मामलों में अभी तक टेंडर प्रकाशित नहीं किए गए हैं, उनमें टेंडर प्रक्रिया को त्वरित गति से पूर्ण कराते हुए अविलंब वर्क ऑर्डर जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैनात की जाने वाली सभी MRSM में GPS आधारित लाइव ट्रैकिंग की सुविधा हो तथा उन्हें इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से अनिवार्य रूप से इंटीग्रेट किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून के पश्चात एनसीआर के सभी शहरों में 15 सितम्बर, 2026 से व्यापक सफाई अभियान (Intensive Cleaning Drive) संचालित किया जाए,। इसके साथ ही मानसून के बाद गड्ढा-मुक्ति अभियान चलाकर सड़कों के गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत और पुनर्स्थापना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

मुख्य सचिव ने धान की पराली (Paddy Straw) के समयबद्ध एवं प्रभावी प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पराली प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूर्ण की जाएं तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही वैकल्पिक एवं वैज्ञानिक प्रबंधन व्यवस्थाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने एनसीआर में वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए ईवी सिटी बसों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं चार्जिंग पॉइंट्स के विकास कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।

मुख्य सचिव ने End-of-Life (EOL) वाहनों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की तथा ऐसे वाहनों को चिन्हित एवं जब्त किए जाने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित सभी उपायों की प्रभावी निगरानी की जाए और कार्रवाई में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुधार से संबंधित सभी उपायों की निरंतर निगरानी, नियमित समीक्षा एवं अंतर-विभागीय समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों के अपेक्षित एवं स्थायी परिणाम प्राप्त हो सकें।

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एनसीआर क्षेत्र के संबंधित जनपदीय अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

———-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *