बहराइच यूपी
ब्यूरो चीफ : शिवकुमार वर्मा
हेडलाइन ⤵️
रुपईडीहा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़,
एक बदमाश घायल; दो साथी फरार
एंकर… ⤵️
बहराइच के
नानपारा थाना रुपईडीहा क्षेत्र में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मंगलवार देर रात पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा जंगल में कांबिंग की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर वाहन चोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22/23 सितंबर 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा पुलिस टीम के साथ आईसीपी मोड़ से पचपोखरी जाने वाले मार्ग पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रंजीतबोझा के जंगल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं और उन्हें नेपाल ले जाने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में पहुंचकर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल आरोपी की पहचान अब्दुल उर्फ अब्दुल सलाम पुत्र बाबू उर्फ जलील खान, निवासी सीतापुरवा सहजना, थाना रुपईडीहा, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जंगल में लगातार कांबिंग कर रही हैं।

मुठभेड़ की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक बहराइच भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
