खैरीघाट में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर घायल; तीन गिरफ्तार

बहराइच से ब्यूरो चीफ शिवकुमार वर्मा की रिपोर्ट

 

खैरीघाट में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर घायल; तीन गिरफ्तार

 

दो बदमाश फरार, जेवरात, नकदी, तमंचा और कार बरामद; एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

 

बहराइच जिले में खैरीघाट थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और खैरीघाट पुलिस की संयुक्त टीम की शातिर चोरों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर सम्भारी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, गिरोह के दो अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नानपारा-खैरीघाट रोड के पास वैवाही रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देने या चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर स्वाट टीम और खैरीघाट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान दो चारपहिया वाहनों से आ रहे संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

 

मौके से महेश चौहान, मोहित लाल और अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया, जबकि घायल आरोपी की पहचान खैरीघाट थाना क्षेत्र के अरनवा टिकुरी निवासी सम्भारी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, सम्भारी थाना खैरीघाट का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस, एक आर्टिगा कार, पीली और सफेद धातु के जेवरात तथा नकदी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच सहित अन्य जनपदों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार तलाश और कांबिंग कर रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *