सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
संत रविदास की कलश यात्रा का हो रहा भव्य स्वागत, पहुंची असोथर
–कलश पूजन के साथ समरसता, सद्भाव का लिया संकल्प संकल्प
–संत रविदास जी है भाजपा के प्रेरणापुंज: विकास गुप्ता
फतेहपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर जनपद फतेहपुर में चल रही समरसता संकल्प यात्रा एवं कलश पूजन कार्यक्रम के क्रम में रविवार को अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के असोथर मंडल में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। सदर विधानसभा के बाद अब अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र में यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

असोथर मंडल के प्रेममऊ कटरा, किलापर, घाटमपुर, विधातीपुर एवं बड़वा में समरसता संकल्प यात्रा का स्वागत किया गया तथा विधि-विधान से कलश पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता कर संत रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन और उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के लिए सदैव प्रेरणा देते हैं। उनकी 650वीं जन्म जयंती का यह अवसर हम सभी के लिए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी व्यक्ति के साथ जाति, वर्ग या किसी अन्य आधार पर भेदभाव न हो। उनका संदेश था कि मनुष्य की पहचान उसके कर्म और आचरण से होनी चाहिए। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को केवल आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने जीवन में अपनाएं।

विधायक ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। इस यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के संदेश—समानता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे—को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समरस और मजबूत समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को एकता, समानता और सद्भाव का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित यह समरसता संकल्प यात्रा संत रविदास जी के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता तभी मजबूत होगी, जब समाज का प्रत्येक वर्ग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बने और आपसी भेदभाव को समाप्त कर भाईचारे की भावना को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की वाणी हमें यह संदेश देती है कि सभी मनुष्य समान हैं और समाज की प्रगति सभी को साथ लेकर चलने से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता और सेवा की भावना को भी मजबूत करें।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी कुलदीप भदौरिया, समरसता संकल्प यात्रा के सह संयोजक प्रसून तिवारी, मंडल महामंत्री साहिल आर्य, राघवेंद्र, उमाकांत, चंद्रभान पासवान, विनोद भारती, महेश जाटव, देव शरण सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
