Etawah News: UPUMS सैफई में करोड़ों की खरीद पर घोटाले का आरोप, विधान परिषद में गूंजा मामला

Etawah News: UPUMS सैफई में करोड़ों की खरीद पर घोटाले का आरोप, विधान परिषद में गूंजा मामला

 

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नियम-110 के तहत सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS) में करोड़ों रुपये की खरीद में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला जोरदार ढंग से उठाया गया। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों मुकुल यादव और मो. जासमीर अंसारी ने प्रमुख सचिव को दिए गए सूचना पत्र में विश्वविद्यालय में लगभग 25 करोड़ रुपये से अधिक के फर्नीचर और करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक के फायर सेफ्टी उपकरण एवं अग्निशमन सिलेंडरों की खरीद पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

सूचना पत्र में आरोप लगाया गया है कि बड़ी संख्या में उपयोग योग्य फर्नीचर को कबाड़ घोषित कर नए फर्नीचर की खरीद की गई, जिससे खरीद प्रक्रिया पर संदेह पैदा हुआ है। वहीं जिन भवनों में पहले से फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध थे, वहां भी नए उपकरण लगाए जाने तथा बाजार मूल्य से अधिक दरों पर खरीद किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

सपा सदस्यों ने पूरे मामले में खरीद की वास्तविक आवश्यकता, निविदा प्रक्रिया, मूल्य निर्धारण, गुणवत्ता परीक्षण, भुगतान और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार से सदन में विस्तृत वक्तव्य देने की भी मांग की गई है।

सूचना पत्र पर 4 अगस्त 2026 की तिथि अंकित है तथा इसे नियम-110 के अंतर्गत स्वीकार किए जाने का अनुरोध भी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *