उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने सीमा सुरक्षा से संबंधित विषयों पर मीडिया से हुए मुखातिब 2024 से 2026 तक की दी जानकारी

उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने सीमा सुरक्षा से संबंधित विषयों पर मीडिया से हुए मुखातिब 2024 से 2026 तक की दी जानकारी l

 

जुबैर अंसारी स्पेशल क्रोस्पोंडेंट ऑफ बिहार की खास रिपोर्ट l

शुक्रवार को उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ, क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, पूर्णिया की अध्यक्षता में 45वीं बटालियन बीरपुर में जब्ती से संबंधित विषयों एवं सीमा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 45वीं बटालियन के अधिकारियों द्वारा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा, सीमा पार अपराधों की रोकथाम, तस्करी विरोधी अभियानों गुप्त सुचना पर आधारित कार्रवाई से संबंधित महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई।

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा, सीमा पार अपराधों की रोकथाम तथा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर द्वारा निरंतर विशेष अभियान, सघन सीमा निगरानी एवं आसूचना-आधारित कार्रवाई की जा रही है। इन अभियानों के परिणामस्वरूप मादक पदार्थों, अवैध शराब, जाली भारतीय मुद्रा (FICN), मानव तस्करी, अवैध हथियारों तथा अन्य सीमा पार अपराधों के विरुद्ध उल्लेखनीय सफलताएँ प्राप्त की गई हैं।

प्रमुख उपलब्धियाँ

1. मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई

45वीं वाहिनी द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 में लगभग 3,216 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।

2. नशीली दवाइयों की जब्ती

वर्ष 2026 के दौरान वाहिनी द्वारा लगभग 1,900 नशीली टैबलेट जब्त की गई हैं।

3. अवैध शराब की जब्ती

जनवरी 2026 से अब तक लगभग 5,240 लीटर अवैध/नेपाल निर्मित शराब जब्त की गई है तथा तस्करी से संबंधित मामलों में 44 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

4. अवैध हथियार एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई

वर्ष 2026 में वाहिनी द्वारा 01 देशी कट्टा जब्त कर 01 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

वर्ष 2025 में 99 नग 8 एमएम कारतूस एवं 01 देशी कट्टा बरामद कर कुल 05 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

दिनांक 31 मई 2025 को ₹61,500/- की जाली भारतीय मुद्रा जब्त कर 01 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

दिनांक 29 जनवरी 2026 को नेपाल से भारत में प्रवेश करने के क्रम में 01 बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया।

वर्ष 2026 में 03 नग हिरण के सींग बरामद कर 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त एक प्राचीन (Antique) मूर्ति बरामद कर 01 नेपाली अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

5. मानव तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई

मानव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियानों के दौरान वर्ष 2026 में अब तक 35 नाबालिगों का रेस्क्यू कर 08 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं वर्ष 2024 से अब तक मानव तस्करी के मामलों में कुल 110 व्यक्तियों का रेस्क्यू एवं 85 गिरफ्तारियाँ की गई हैं।

नेपाल निर्मित अवैध शराब एवं वायरलेस सेट बरामदगी प्रकरण

दिनांक 20 जुलाई 2026 को प्राप्त विशिष्ट आसूचना के आधार पर 45वीं वाहिनी द्वारा सीमा क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित कर नाका एवं Quick Reaction Team (QRT) को सतर्क किया गया। प्राप्त सूचना के अनुसार नेपाल निर्मित अवैध शराब को कोसी नदी मार्ग से भारत लाकर चार पहिया वाहन के माध्यम से आगे भेजे जाने की संभावना थी।

आसूचना के आधार पर SSB एवं बिहार पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध Mahindra Scorpio वाहन संख्या BR-01 PG-4476 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार व्यक्तियों द्वारा भागने का प्रयास किया गया, जिन्हें तत्परता से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक Wireless (Walkie-Talkie) Set बरामद हुआ, जिसे अभियुक्तों द्वारा साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से सड़क पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।

अभियुक्तों से प्राप्त जानकारी के आधार पर SSB एवं बिहार पुलिस द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें 509 बोतल (152.7 लीटर) नेपाल निर्मित अवैध शराब बरामद की गई। साथ ही Scorpio वाहन, दो मोबाइल फोन एवं क्षतिग्रस्त वायरलेस सेट को विधिवत जब्त कर अभियुक्तों सहित अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना भीमनगर को सुपुर्द किया गया।

सीमा क्षेत्र में तस्करों के कब्जे से वायरलेस सेट की बरामदगी को गंभीरता से लेते हुए इस प्रकरण की तकनीकी एवं आसूचना आधारित जांच की गई। सामान्यतः तस्करों द्वारा संचार के लिए मोबाइल फोन का उपयोग किया जाता है, जबकि वायरलेस संचार प्रणाली का उपयोग अधिक संगठित एवं योजनाबद्ध गतिविधियों तथा निगरानी से बचने के प्रयास की ओर संकेत कर सकता है। इस दृष्टि से मामले की तकनीकी जांच एवं आसूचना संकलन को और अधिक सुदृढ़ किया गया।

100 नग Baofeng Wireless Communication Devices की बरामदगी

इसी क्रम में दिनांक 04 अगस्त 2026 को 45वीं वाहिनी द्वारा ग्राम राजपुरा, नेओर-डगमारा रोड, सीमा स्तंभ संख्या-228 के समीप एक Scorpio वाहन की तलाशी के दौरान 100 नग Baofeng Wireless Communication Devices (Walkie-Talkie) बरामद किए गए।

तलाशी के दौरान वायरलेस उपकरणों के अतिरिक्त वाहन, मोबाइल फोन, नेपाल नागरिकता परिचय-पत्र, Seller Invoice, Delivery Slip तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए। घटना की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके पश्चात SSB एवं SIB द्वारा संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर अभियुक्त से गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बरामद पार्सल महादेवमठ स्थित Delivery Courier Office से प्राप्त किया गया था तथा इसे राजबिराज, नेपाल के एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पूछताछ के दौरान महावीर इलेक्ट्रॉनिक्स, कुनौली बाजार की संभावित संलिप्तता संबंधी जानकारी भी प्राप्त हुई।

अभियुक्त वायरलेस उपकरणों के संबंध में Wireless Planning & Coordination (WPC) Wing की कोई वैध अनुमति अथवा लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। फलस्वरूप बरामद सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।

45वीं वाहिनी की संचार शाखा तथा बाद में गठित Communication Investigation Team द्वारा उपकरणों का तकनीकी परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान सभी 100 वायरलेस सेट नवीन, चीनी निर्मित एवं पूर्व-प्रोग्राम्ड पाए गए तथा आपस में सफलतापूर्वक संचार करने में सक्षम पाए गए। परीक्षण के अनुसार 5 Watt रेडियो सेटों की प्रभावी संचार दूरी लगभग 4.5 किलोमीटर तथा 8 Watt रेडियो सेटों की लगभग 7 किलोमीटर पाई गई। हालांकि, इन उपकरणों का 45वीं वाहिनी के वर्तमान VHF संचार नेटवर्क से कोई संपर्क स्थापित नहीं हुआ।

विस्तृत तकनीकी परीक्षण एवं विश्लेषण हेतु उपकरणों को सक्षम तकनीकी संस्था को भेजे जाने की अनुशंसा की गई है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर महावीर इलेक्ट्रॉनिक्स, कुनौली बाजार में संयुक्त कार्रवाई करते हुए आवश्यक पूछताछ की गई। साथ ही NIA, बिहार पुलिस, SIB तथा अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा तकनीकी, डिजिटल एवं आसूचना आधारित जांच प्रारंभ की गई है।

अब तक की जांच से प्रथम दृष्टया यह संकेत प्राप्त हुए हैं कि बरामद वायरलेस उपकरण नेपाल के राजबिराज स्थित एक व्यक्ति अजीत यादव तक पहुंचाए जाने थे। इस संबंध में नेपाल APF के साथ भी आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया है। वर्तमान में SSB, बिहार पुलिस, SIB, NIA, नेपाल APF एवं अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से मामले की जांच की जा रही है। चूंकि जांच अभी प्रगति पर है, इसलिए अंतिम निष्कर्ष जांच पूर्ण होने के उपरांत ही स्पष्ट हो सकेगा।

सीमा सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था

45वीं वाहिनी द्वारा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर प्रभावी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीकों एवं समन्वित गश्त का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।

सीमा जांच चौकियों पर आवागमन की निगरानी एवं सत्यापन के लिए Border Entry Management System (BEMS) का उपयोग किया जा रहा है। नदीय क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी हेतु बोट के माध्यम से नदी क्षेत्र की निगरानी के साथ-साथ ड्रोन (Drone) Surveillance भी किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त सीमा क्षेत्र में नियमित रूप से दिन एवं रात्रि गश्त की जा रही है तथा बिहार पुलिस के साथ संयुक्त रात्रि गश्त (Joint Night Patrolling) संचालित कर सीमा सुरक्षा, तस्करी निरोधक कार्रवाई एवं अन्य सीमा पार अपराधों की रोकथाम को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में जनकल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम

45वीं वाहिनी द्वारा सुरक्षा दायित्वों के साथ-साथ सीमावर्ती नागरिकों के कल्याण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से नियमित रूप से Veterinary Civic Action (VCA) एवं Medical Civic Action (MCA) कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

VCA के अंतर्गत सीमावर्ती गांवों में ग्रामीणों के पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क औषधियों का वितरण तथा पशुपालन संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया जा रहा है, जिससे पशुधन संरक्षण एवं ग्रामीणों की आजीविका को सुदृढ़ किया जा सके।

MCA के अंतर्गत सीमावर्ती विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सेनेटरी पैड, डस्टबिन, झाड़ू, फिनाइल तथा अन्य स्वच्छता सामग्री का वितरण कर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जा रही है। साथ ही किसानों को आवश्यकतानुसार उर्वरकों का वितरण कर कृषि कार्यों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त सीमावर्ती क्षेत्रों में Border Unity Run, Cycle Rally, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएँ, युवा जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य नागरिक सहभागिता गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सीमावर्ती नागरिकों एवं सुरक्षा बलों के मध्य आपसी विश्वास, समन्वय एवं सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करना है।

हर घर तिरंगा अभियान

दिनांक 11 अगस्त 2026 को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सीमावर्ती गांवों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इस दौरान ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व से अवगत कराया जाएगा तथा प्रत्येक परिवार को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चेतना तथा सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास एवं सहयोग की भावना को निरंतर सुदृढ़ किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान श्री गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी; श्री जगदीश कुमार शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी; श्री प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट; श्री सुमन सौरभ, उप कमांडेंट सहित वाहिनी के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *