हरदोई: गंगा में मिले कंकाल पर उलझी पहचान, दो परिवारों ने जताया अपना दावा

*गंगा में मिले कंकाल पर उलझी पहचान, दो परिवारों ने जताया अपना दावा*

 

ब्यूरो रिपोर्ट चन्दगीराम मिश्रा

हरदोई यूपी

 

*मल्लावां (हरदोई)।* थाना मल्लावां क्षेत्र में तिर्वा कुल्ली के पास गंगा नदी से मिले एक मानव कंकाल की पहचान को लेकर दो परिवारों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। दोनों परिवार कंकाल को अपने-अपने परिजन का बता रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हरदोई मोर्चरी हाउस भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना अरवल क्षेत्र के ग्राम चौसार निवासी छेदानी का 14 वर्षीय पुत्र ऋषि तीन अगस्त को कुसुमखोर घाट पर गंगा में डूब गया था। वहीं थाना बिलग्राम क्षेत्र के ग्राम करेहका निवासी रामसिंह का 38 वर्षीय पुत्र लालाराम एक अगस्त को राजघाट पर गंगा में डूब गया था। दोनों की तलाश लगातार की जा रही थी।

शनिवार को तिर्वा कुल्ली के पास गंगा में एक मानव कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना पाकर दोनों परिवार भी वहां पहुंच गए और कंकाल को अपने-अपने परिजन का बताने लगे। परिजनों का कहना है कि कंकाल के पास मिले कपड़ों, विशेषकर अंडरवियर, के आधार पर वे उसकी पहचान कर रहे हैं। एक पक्ष का दावा है कि यह ऋषि का शव है, जबकि दूसरा पक्ष इसे लालाराम का बता रहा है।

 

पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने पर पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर ले ली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कंकाल की शिनाख्त कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल कंकाल की वास्तविक पहचान को लेकर संशय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *