दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप में उमड़ा जनसैलाब, एक हजार से अधिक मरीजों का पंजीयन

विनोद कुमार पाण्डेय

जिला एम सी बी छत्तीसगढ़

 

 

दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप में उमड़ा जनसैलाब, एक हजार से अधिक मरीजों का पंजीयन*

 

*10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य, गंभीर मरीजों के इलाज की भी होगी नि:शुल्क व्यवस्था*

चिरमिरी। नगर पालिका निगम चिरमिरी क्षेत्र में आयोजित मेगा स्वास्थ्य कैंप में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मेगा स्वास्थ्य कैंप में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ जिले की कलेक्टर, SECL चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक, महापौर राम नरेश राय भी मौजूद रहे और शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिये। उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।

 

मेगा कैंप में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। दोपहर 1 बजे तक एक हजार से अधिक मरीजों का पंजीयन हो चुका था। आयोजकों ने शाम तक यह आंकड़ा करीब 2500 तक पहुंचने की उम्मीद जताई। हालांकि शिविर में कुल 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “हम कहते नहीं, करते हैं” की भावना के साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “तुहर लईका, तुहर दुआरी, तुहर कमियां श्याम बिहारी।” आज प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों की टीमें चिरमिरी में पहुंचकर मरीजों का परीक्षण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अगले दिन रायपुर के बड़े अस्पतालों की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम भी मेगा कैंप में पहुंचकर सेवाएं देंगे।

 

*जरूरत पड़ने पर बाहर भेजकर कराया जाएगा उपचार*

 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन मरीजों को गंभीर बीमारी के उपचार के लिए दिल्ली, मुंबई अथवा देश के किसी अन्य बड़े शहर में उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें वहां भेजकर इलाज कराने की व्यवस्था की जाएगी। मरीजों के आने-जाने की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराने की बात उन्होंने कही।

 

*नशामुक्ति की दिलाई शपथ*

 

मेगा स्वास्थ्य कैंप के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जरूरतमंद हितग्राहियों को छड़ी और श्रवण यंत्र (ईयर मशीन) का वितरण किया गया। कार्यक्रम में 8 नग डेड बॉडी फ्रीजर भी प्रदान किए गए। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से शिविर में अपनी सेवाएं देने पहुंचे चिकित्सकों को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

*देहदान को लेकर भी जागरूकता*

मेगा स्वास्थ्य कैंप में देहदान को लेकर भी लोगों में जागरूकता देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने देहदान का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार अब तक 10 लोगों ने देहदान के लिए सहमति जताई है, जिनमें से 3 लोगों द्वारा देहदान का संकल्प लिया गया है।

 

*जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद*

 

कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, SECL चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, HMS महामंत्री बजरंगी शाही, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, जिला भाजपा महामंत्री द्वारिका जायसवाल, महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, मंडल महामंत्री रीत जैन, मंडल महामंत्री पंडित जी, CMHO डॉ. अविनाश खरे, बबलू डे सहित एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

 

मेगा स्वास्थ्य कैंप में सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ जुटी रही। विभिन्न बीमारियों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा मिलने से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *