पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने किया कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, अमृत भारत योजना के कार्यों की समीक्षा

रेहान खान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077

 

*फर्रुखाबाद – पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने किया कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, अमृत भारत योजना के कार्यों की समीक्षा*

 

*फर्रुखाबाद। 24 सितंबर।* पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने आज गुरुवार को कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद रेल खंड का स्पेशल ट्रेन विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे स्टेशनों के कार्यों की समीक्षा की।

महाप्रबंधक के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी नीरज गुप्ता, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/आर.एस.पी. नवीन कुमार झा, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गतिशक्ति संदीप खंडेलवाल सहित अन्य शाखा अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलपथ, ओएचई, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, समपार फाटकों तथा प्रमुख पुलों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को रेल परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव एवं संरक्षा मानकों के अनुपालन के निर्देश दिए।

 

*मंधना में एलिवेटेड कॉरिडोर का प्लान देखा -*

निरीक्षण के आरंभ में मंधना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर महाप्रबंधक ने कानपुर अनवरगंज-मंधना के मध्य प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के ले-आउट प्लान का अवलोकन किया और परियोजना की कार्ययोजना एवं प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने मंधना स्टेशन पर प्लेटफॉर्म सरफेस, स्ट्रीट लाइट तथा स्टोर रूम का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं में वृद्धि और सौंदर्यीकरण के कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।

*कन्नौज और गुरसहायगंज में विकास कार्यों का जायजा -*

इसके बाद कन्नौज रेलवे स्टेशन पर उन्होंने अमृत भारत योजना के अंतर्गत हो रहे पुनर्विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, निर्माणाधीन लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के कार्यों की प्रगति देखी। रेलवे कॉलोनी में कर्मचारियों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली।

 

गुरसहायगंज स्टेशन पर उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, आधुनिक शौचालय ब्लॉक, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, एफओबी और निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण किया। कॉलोनी में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल की गुणवत्ता की जांच व्यवस्था देखी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक के परीक्षण रजिस्टर की जांच की और अपने सामने अवशिष्ट क्लोरीन एवं बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की जांच कराई।

*फर्रुखाबाद स्टेशन पर बृहद निरीक्षण -*

अंत में फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर महाप्रबंधक ने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का बृहद निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, निर्माणाधीन एफओबी के साथ पार्सल कार्यालय एवं गुड्स शेड का निरीक्षण कर व्यापारियों और श्रमिकों की सुविधाओं को देखा।

 

महाप्रबंधक ने सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप पूरे करने, संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, यात्री सुविधाओं में सुधार और स्टेशन परिसर के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान स्टेशन प्रबंधक, आरपीएफ, जीआरपी स्टाफ और रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *