Etawah News: जसवंतनगर मॉडल तहसील में लेखपालों ने खोला मोर्चा, चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

Etawah News: जसवंतनगर मॉडल तहसील में लेखपालों ने खोला मोर्चा, चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

लंबित मांगों को लेकर 3 अक्टूबर से शुरू होगा आंदोलन, 24 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रस्तावित

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर/इटावा। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। संघ के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन की शुरुआत 3 अक्टूबर से तहसील दिवस के बहिष्कार एवं धरना-प्रदर्शन के साथ होगी। लेखपालों ने मांगों के समाधान के लिए शासन और विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

संघ के आंदोलन कार्यक्रम के मुताबिक 8 अक्टूबर को ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, 10 अक्टूबर को काली पट्टी बांधकर कार्य तथा 12 अक्टूबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। वहीं 17 से 23 अक्टूबर तक तहसील मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में 24 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की गई है।

लेखपाल संघ का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान अभी तक नहीं हो सका है। संघ ने लेखपालों के प्रारंभिक वेतनमान एवं ग्रेड पे में वृद्धि, अंतरमंडलीय स्थानांतरण की व्यवस्था, पदोन्नति एवं भर्ती में वृद्धि, तथा कार्यों के लिए लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने जैसी मांगें उठाई हैं।

 

इसके अलावा लेखपालों ने ग्राम सचिवालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, विभिन्न भत्तों में वृद्धि, कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रभारी राजस्व निरीक्षक के रूप में कराए जा रहे कार्यों से लेखपालों को मुक्त किए जाने की मांग भी रखी है। संघ का कहना है कि ग्राम सचिवालयों में पर्याप्त आधारभूत सुविधाओं के अभाव में भी लेखपालों से लगातार कार्य लिया जा रहा है, जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

आंदोलन में संघ के अध्यक्ष जाहिर खान, अनुराग यादव, शमशेर बहादुर, मनीष दुबे, मनजीत समेत बड़ी संख्या में लेखपाल और महिला लेखपाल शामिल हैं। लेखपाल संघ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *