कलेक्टर श्रीमती मीना ने वैनगंगा नदी के उद्गम स्थल का किया अवलोकन, पर्यटन विकास की संभावनाओं पर की चर्चा

लोकेशन/सिवनी/डिवीजन हेड पंकज पाल।

 

कलेक्टर श्रीमती मीना ने वैनगंगा नदी के उद्गम स्थल का किया अवलोकन, पर्यटन विकास की संभावनाओं पर की चर्चा

सिवनी/ कुरई विकासखंड के भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने ग्राम मुंडारा स्थित वैनगंगा नदी के उद्गम स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने उद्गम कुंड, प्राचीन मंदिरों तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व वाले इस स्थल के अवलोकन के दौरान उन्होंने भगवान शिव के प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

कलेक्टर श्रीमती मीना ने मौके पर उपस्थित नागरिकों से भी संवाद किया और वैनगंगा नदी के उद्गम स्थल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के साथ ही इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों के सुझाव भी सुने और स्थल की प्राकृतिक सुंदरता को बरकरार रखते हुए आवश्यक सुविधाओं के विकास पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता से जुड़े ऐसे स्थलों को सुविधायुक्त रूप में विकसित करने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। इससे क्षेत्र की पहचान को नई दिशा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

कलेक्टर ने उद्गम स्थल के सौंदर्यीकरण के साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए बैठने हेतु बेंच, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन कार्यों के लिए पर्यटन विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही एवं संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री प्रशांत उइके सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *