Etawah News: मुनि श्री भाव सागर महाराज के सानिध्य में विभिन्न धाराओं से हुआ श्रीजी का अभिषेक, सीओ आयुषी सिंह ने की जैन परंपरा की सराहना

 

Etawah News: मुनि श्री भाव सागर महाराज के सानिध्य में विभिन्न धाराओं से हुआ श्रीजी का अभिषेक, सीओ आयुषी सिंह ने की जैन परंपरा की सराहना

दशलक्षण पर्व के समापन पर परंपरागत जलधारा कार्यक्रम सम्पन्न

जसवंतनगर। दस दिवसीय दशलक्षण पर्व के समापन के बाद परंपरानुसार आश्विन कृष्ण पक्ष प्रतिपदा के अवसर पर रविवार को नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में पारंपरिक जलधारा कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम मुनि श्री 108 भाव सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया।

इस दौरान जैन मंदिर का प्रांगण श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। विधि-विधान एवं धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं ने श्रीजी के समक्ष विभिन्न धाराएं अर्पित कर अभिषेक किया। जलधारा, इक्षुरस धारा, घृत धारा, दूध धारा, दही धारा एवं सर्वौषधि धारा के माध्यम से भगवान का अभिषेक किया गया। विभिन्न पात्रों द्वारा श्रीजी के समक्ष धारा अर्पित कर श्रद्धालुओं ने पुण्यार्जन किया।

 

अभिषेक एवं शांतिधारा के पुण्यार्जक के रूप में समकित जैन रहे,जबकि चार इंद्र के रूप में अनुभव जैन, सुनील जैन, अनुपम जैन एवं विनीत जैन ने पुण्यार्जन किया।

*आदिनाथ भगवान ने बेटियों को दी विद्या की शिक्षा*

इस अवसर पर मुनि श्री 108 भाव सागर महाराज ने भगवान आदिनाथ के जीवन प्रसंग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आदिनाथ भगवान ने हंसी-मसि, कृषि आदि अनेक कलाओं एवं जीवनोपयोगी विद्याओं का ज्ञान लोगों को प्रदान किया। जब विद्या प्रदान करने की बात आई तो उन्होंने अपनी दोनों पुत्रियों ब्राह्मी और सुंदरी को भी समस्त विद्याओं का ज्ञान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भगवान आदिनाथ ने समाज को ज्ञान, संस्कार और जीवन जीने की कला का मार्ग दिखाया।

*सीओ आयुषी सिंह ने किया जागरूक*

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह भी मंदिर पहुंचीं। उन्होंने जैन समाज की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर नगर की जैन समाज की महिलाओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

गुरुदेव का आशीर्वाद पाकर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सीओ आयुषी सिंह ने कहा कि सभी लोग जागरूक और सतर्क रहें। उन्होंने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय केवल स्पीड पर ही नहीं, बल्कि अपने जीवन के निर्णयों पर भी ध्यान देना चाहिए। जल्दबाजी में ऐसा कोई निर्णय न लें, जिससे स्वयं को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस सदैव लोगों की सहायता और सुरक्षा के लिए उनके साथ है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *