134 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज, मिल्क केक, बर्फी और छेना के लिए गए नमूने

सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी

 

 

*फतेहपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 कुंतल संदिग्ध मिठाई नष्ट*

 

134 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज, मिल्क केक, बर्फी और छेना के लिए गए नमूने

 

फतेहपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासन की टीम ने खागा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम सतनरनैनी स्थित एक मिठाई निर्माण कारखाने में छापेमारी के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई तैयार किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने कारखाने और कोड़ापुर स्थित पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज से कुल 30 कुंतल संदिग्ध मिठाई नष्ट कराई, जबकि 134 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज किया गया।

 

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने खागा थाना क्षेत्र के ग्राम सतनरनैनी में बबलू द्वारा संचालित मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दूध, मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी से मिल्क केक, बर्फी और छेना रसगुल्ला तैयार किए जाते मिले। टीम ने निर्माण स्थल की स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर आपत्तियां दर्ज कीं।

गुणवत्ता पर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छेना, मिल्क केक, बर्फी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। मौके पर मौजूद 134 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल को सीज कर दिया गया। वहीं कारखाने में तैयार करीब 10 कुंतल मिठाई को नष्ट कराया गया।

जांच के दौरान जानकारी मिली कि इसी कारखाने में तैयार की गई करीब 20 कुंतल मिठाई को रक्षाबंधन पर बिक्री के लिए कोड़ापुर स्थित पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। टीम ने कोल्ड स्टोरेज पहुंचकर मिठाई की जांच की और उसे भी संदिग्ध पाए जाने पर नष्ट करा दिया। इस तरह दोनों स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 30 कुंतल मिठाई नष्ट कराई गई।

 

खाद्य विभाग ने कारखाना संचालक को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक आवश्यक सुधार होने तक कारखाना बंद रहेगा। नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम खागा अश्वनी पाण्डेय और सीओ खागा रवि सिंह मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा टीम में सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चन्द्र और देवेश मिश्रा शामिल रहे।

 

रक्षाबंधन पर्व से पहले हुई इस कार्रवाई से मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ किया है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *