बेसोली में आज सजेगा भक्ति और संगीत का संगम, लोकगायिका मिथलेश्वरी सेन देंगी भव्य प्रस्तुति, मंत्री केदार कश्यप होंगे शामिल

*बेसोली में आज सजेगा भक्ति और संगीत का संगम, लोकगायिका मिथलेश्वरी सेन देंगी भव्य प्रस्तुति, मंत्री केदार कश्यप होंगे शामिल*

 

*भगवान कार्तिकेय की पूजा के 26वें वर्ष पर कार्तिक पूर्णिमा में होगा भव्य आयोजन, क्षेत्र में उत्सव का माहौल*

जगदलपुर। बस्तर विकासखंड के बेसोली में कार्तिक पूजा महोत्सव के अवसर पर 24 नवंबर मंगलवार को भव्य भक्तिमय एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होने जा रहा है। भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा स्थापना के साथ आयोजित होने वाले इस वार्षिक उत्सव में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोकगायिका मिथलेश्वरी सेन अपनी शानदार प्रस्तुति देकर भक्तिमय माहौल को सुरों से सजाएंगी। आयोजन को लेकर ग्राम बेसोली सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई है।

 

बेसोली में कार्तिक पूजा का यह आयोजन लगातार 26वें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग और आस्था से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह महोत्सव अब क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित भक्ति संध्या में लोकगीतों, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धा और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

इस भव्य आयोजन में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप विशेष रूप से शामिल होंगे। आयोजन समिति के संरक्षक राजेश सागर, नंदकिशोर बघेल एवं कमलेश दीवान ने क्षेत्रवासियों से आयोजन में शामिल होकर भक्ति संध्या का आनंद लेने की अपील की है।

 

जगदलपुर से सूजीत देवनाथ की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *