Etawah News: जसवंतनगर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर दुकानों में घुसीं दो कारें, तीन दुकानों के शटर टूटे

Etawah News: जसवंतनगर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर दुकानों में घुसीं दो कारें, तीन दुकानों के शटर टूटे

 

आधी रात बड़े चौराहे पर हुआ हादसा, कार सवार घायल; गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई

 

जसवंतनगर/इटावा(उत्तर प्रदेश)।नगर के बड़े चौराहे पर रविवार देर रात करीब 12 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार दो अनियंत्रित कारें सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसीं। हादसे में तीन दुकानों के शटर टूट गए और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कारों में सवार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में काले रंग की नई बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो और सफेद रंग की अर्टिगा कार (नंबर UP75 AF 4811) शामिल थीं। दोनों कारें अनियंत्रित होकर दुकानों में जा घुसीं, जिससे दुकानों के शटर टूट गए और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

 

प्रथम दृष्टया हादसे की वजह वाहनों की तेज रफ्तार मानी जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दिन में होता हादसा तो जा सकती थीं कई जानें

बड़े चौराहे पर दिनभर वाहनों और राहगीरों की भारी आवाजाही रहती है। यहां अक्सर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। ऐसे में यदि यह हादसा दिन के समय हुआ होता तो इसकी चपेट में राहगीर और अन्य वाहन भी आ सकते थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों को सड़क और दुकानों के पास से हटवाया।

इस घटना ने नगर के प्रमुख चौराहों पर तेज रफ्तार वाहनों और यातायात सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *