*जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को प्रधानमंत्री मोदी ने दी नई दिशा – मंत्री केदार कश्यप*
*जनजातीय गौरव दिवस पर दंतेवाड़ा में संस्कृति, परंपरा और विरासत का उत्सव*
*प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने मेला-मड़ई की भव्यता, संग्रहालय भ्रमण और गौरव वाटिका विकसित करने के दिए निर्देश*
जगदलपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढका डोबरा मैदान में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं की झलक देखने को मिली। विभिन्न विभागों ने शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई।

समारोह में वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने जनजातीय महानायकों के गौरवशाली इतिहास को देश-दुनिया के सामने लाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातीय महानायकों की वीरता, संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस की परिकल्पना की। आज यह दिवस देश को अपनी गौरवशाली विरासत और इतिहास स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि देश के अनेक जनजातीय महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, लेकिन इतिहास में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिला। उन्होंने 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए जनजातीय आंदोलन और लगभग 1,500 लोगों के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे ऐतिहासिक प्रसंगों और जनजातीय वीरों के योगदान को सामने लाना आवश्यक है। उन्होंने कोमाराम भीम, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी कमलापति जैसे महान व्यक्तित्वों के संघर्ष, साहस और बलिदान का भी स्मरण किया।

जिले की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए मंत्री श्री कश्यप ने मेला-मड़ई आयोजनों को भव्य स्वरूप देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश कलेक्टर को दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों को जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने तथा जिले में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने के लिए वन विभाग को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

विधायक चैतराम अटामी ने जनजातीय संस्कृति, परंपरा, लोककला और भाषा को समाज की विशिष्ट पहचान बताते हुए इनके संरक्षण एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने जनजातीय महानायकों को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को अविस्मरणीय बताया।
समारोह में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती एवं पद्मश्री डॉ. रामचंद्र गोडबोले को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों एवं उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में जनजातीय संस्कृति की विविधता और परंपराओं को जीवंत किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मांडवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथ वाय, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव सहित जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, मांझी-चालकी, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
_________________
