Etawah News: संविधान दिवस पर लखनऊ में गूंजेगा बहुजन स्वराज का संकल्प, इटावा से हजारों कार्यकर्ता पहुंचेंगे महारैली में
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
इटावा। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में आयोजित होने वाली बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को सफल बनाने के लिए इटावा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने रणनीति तैयार की।
रविवार को इटावा के आईटीआई चौराहा स्थित कृष्णा होटल में आयोजित बैठक एवं प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने महारैली की तैयारियों पर चर्चा करते हुए जनपद से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लखनऊ पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में जिलाध्यक्ष साहिल चौधरी, भरथना विधानसभा-201 के प्रत्याशी विक्की कठेरिया तथा प्रदेश संगठन मंत्री एवं कानपुर मंडल प्रभारी अभिषेक आजाद ने कहा कि 26 नवंबर को लखनऊ का माता रमाबाई आंबेडकर मैदान नीले झंडों और जय भीम-जय मीम के नारों से गूंजेगा। महारैली बहुजन समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, स्वाभिमान और राजनीतिक भागीदारी की आवाज बुलंद करेगी।
पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा, सेक्टर और बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं, महिलाओं, शोषितों और वंचित वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ बहुजन स्वराज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
बैठक में कानपुर जोन प्रभारी प्रदीप निगम, मंडल प्रभारी छविराम जाटव, भाईचारा कमेटी मंडल प्रभारी पवन गौतम, वाली इंटरफोर्स मंडल अध्यक्ष लकी जाटव, पूर्व भीम आर्मी प्रभारी मोहम्मद आमीन भाई, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुबोध गौतम, पूर्व भीम आर्मी जिलाध्यक्ष गौरव गौतम, अतुल प्रताप सिंह, विकास आजाद, योगेश गौतम एडवोकेट, रामनारायण, विपिन छपरौली और भीम आर्मी जिलाध्यक्ष मनीष शाक्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में जिलाध्यक्ष साहिल चौधरी ने जनपद के लोगों से 26 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
