संवाददाता…
हितेश कुमार जोशी
हैडलाइन….
कस्तूरबा विद्यालय में गूंजी बाल संरक्षण की आवाज बालिकाओं ने लिया बाल विवाह रोकने का संकल्प ”
सिरोही निदेशालय बाल अधिकारिता विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, सिरोही के तत्वावधान में गवित टीम द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, गिरवर, आबूरोड में किशोरियों के लिए बाल अधिकार, बाल संरक्षण सेवाओं एवं मनोसामाजिक परामर्श विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को बाल विवाह रोकथाम, बाल श्रम रोकथाम, भिक्षावृत्ति रोकथाम, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न बाल संरक्षण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संकट की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बालिकाओं एवं अध्यापिकाओं को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। साथ ही बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के किसी भी बालक-बालिका को यदि किसी प्रकार की समस्या, शोषण, हिंसा, बाल विवाह अथवा अन्य सहायता की आवश्यकता हो, तो चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 100/112 तथा आवा हेल्पलाइन 18001027222 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की संस्था प्रधान श्रीमती भावना, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के बाल अधिकार सहयोगी त्रिदेव वैष्णव, चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक मनोहर सिंह, परामर्शदाता प्रिंस सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई के आउटरीच वर्कर दिलीप धवल, जन चेतना संस्थान की प्रतिनिधि श्रीमती लक्ष्मी सहित विद्यालय की अध्यापिकाओं एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
